उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन, लखनऊ PGI में थे भर्ती

Image Source : PTI
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन हो गया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। उन्हें 4 जुलाई को संजय गांधी पीजीआई के Critical Care medicine के आईसीयू में गंभीर अवस्था में भर्ती किया गया था। लंबी बीमारी और शरीर के कई अंगों के धीरे-धीरे फेल होने के कारण आज उन्होंने अंतिम सांस ली। 21 जून को उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के लखनऊ के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुआ था जन्म

बता दें कि कल्याण सिंह का जन्म 5 जनवरी 1932 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के अतरौली तहसील के मढ़ौली गांव में हुआ था। कल्याण सिंह की पहचान एक हिंदुत्ववादी नेता और प्रखर वक्ता की थी। एक दौर में कल्याण राम मंदिर आंदोलन के सबसे बड़े चेहरों में से एक थे। 

यूपी में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने

कल्याण सिंह 2 बार यूपी के मुख्यमंत्री रहे। वह भाजपा के यूपी में पहले सीएम भी थे। पहले कार्यकाल में 24 जून 1991 से 6 दिसम्बर 1992 तक और दूसरी बार 21 सितंबर 1997 से 12 नवंबर 1999 तक मुख्यमंत्री रहे। कल्याण सिंह 1967 में पहली बार अतरौली से विधायक बने थे। कल्याण सिंह 10 बार विधायक चुने गए। कल्याण सिंह 4 सितंबर 2014 से 8 सितंबर 2019 तक राजस्थान के राज्यपाल रहे। कल्याण सिंह ने 1991 में अपने दम पर यूपी में सरकार बनाई थी। इसके बाद कल्याण सिंह यूपी में भाजपा के पहले सीएम बने। 

कल्याण ने बाबरी मस्जिद गिराने की नैतिक जिम्मेदारी ली

6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी ढांचा गिराए जाने के दौरान कल्याण सिंह यूपी के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने कारसेवकों पर गोली चलाने की अनुमति नहीं दी थी। ढांचा गिराए जाने के बाद कल्याण ने इस्तीफा सौंप दिया था। बाबरी मस्जिद विध्वंस के लिए कल्याण सिंह को जिम्मेदार माना गया। कल्याण सिंह ने इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए 6 दिसंबर, 1992 को ही सीएम पद से इस्तीफा दे दी। लेकिन दूसरे दिन केंद्र सरकार ने यूपी की भाजपा सरकार को बर्खास्त कर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *