सक्सेस मंत्र: कठिन समय में अपनी रणनीति पर फिर से नजर डालनी चाहिए

0
10
Facebook
Twitter
Pinterest
WhatsApp

कुछ ऐसा काम करो कि उससे दूसरों की जिंदगी में बदलाव आ सके। यही बात कॉन्टेक्टलेस हेल्थ मॉनिटर स्टार्टअप ‘डोजी’ के सह-संस्थापकों मुदित दंडवते और गौरव परचानी के मन में हमेशा घूमती रहती थी। वे दोनों करियर में काफी अच्छा कर रहे थे, पर  जिस संतुष्टि की चाह उन्हें थी, वह नहीं मिल रही थी। दोनों ने कुछ ऐसा करने के बारे में सोचा, जो लोगों की जिंदगी पर अच्छा  प्रभाव डाल सके। उनकी इस सोच का नतीजा है देश का पहला कॉन्टेक्टलेस हेल्थ मॉनिटर ‘डोजी’। 

यह गद्दे के नीचे रखा जाने वाला सम्पर्क रहित उपकरण है, जो शरीर के अंगों  को स्पर्श किए बिना दिल की स्थिति, बीपी और सांस से जुड़ी  समस्याओं पर नजर रखने में मदद करता है। तनाव प्रबंधन और बेहतर नींद में मददगार होने के कारण कोरोना काल में इस उपकरण की भूमिका बढ़ गई थी। मुदित दंडवते कहते हैं, ‘हम आज एक डेटा आधारित दुनिया में रहते हैं और डोजी किसी भी उन्नत मेडिकल उपकरण की तरह डेटा को मॉनिटर करने में मदद करता है।’ यह शरीर के सूक्ष्म कंपनों को ग्रहण करता है और डेटा के डैशबोर्ड या एप में संग्रह करते जाता है। जैसे ही इसकी रीडिंग में कोई बदलाव होता है, यह तुरंत डॉक्टर को या परिवार को इसका संदेश भेजता है। इसकी सटीकता 98.4 प्रतिशत है। आज चौदह हजार से ज्यादा अस्पतालों और घरों में इसका इस्तेमाल किया जा रहा है।

कैसे हुए प्रेरित: 
29 वर्षीय मुदित और गौरव परचानी आईआईटी इंदौर से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद अच्छी-खासी नौकरी कर रहे थे। पर, अपनी सोच को हकीकत में बदलने के लिए दोनों ने नौकरी छोड़ दी और पांच सालों तक इस कॉन्सेप्ट पर काम किया और 2019 में डोजी को दुनिया के सामने लेकर आए। मुदित कहते हैं, ‘मैंने रेस कार बनाने से शुरुआत की थी, फिर क्रिकेट बैट बनाया और अब हेल्थकेयर के क्षेत्र में काम कर रहा हूं।’

मुदित अपने निजी जीवन में बेहद कठिन समय से गुजरे हैं। एक बार बेंगलुरु के बाहरी इलाके में वह एक झील के पास घूमने के लिए गए थे। वहां उनका डॉगी गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए वह झील में उतर गए मगर एक मगरमच्छ की चपेट में आ गए। वह उनका हाथ चबा गया। मुदित ने हाथ बांधकर खून को ज्यादा बहने से रोका और दो लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचे। इस दुर्घटना में उनका एक हाथ चला गया। उन्होंने अपना हौसला पस्त नहीं होने दिया। अपने लिए खुद ही प्रोस्थेटिक हाथ डिजाइन किया और लगातार अपने काम में लगे रहे। उसी साल उन्होंने गौरव के साथ मिल कर ‘डोजी’ को लॉन्च किया। 
मुदित का मानना है कि कठिन समय शानदार अवसर भी होते हैं।’ दोनों के इस काम की अहमियत और उपयोगिता को देखते हुए फोर्ब्स पत्रिका ने उन्हें 2021 की ‘इंडिया 30 अंडर 30’ सूची में स्थान दिया है।     
सक्सेस मंत्र: कठिन समय में अपनी रणनीति पर फिर से नजर डालनी चाहिए। अपने संसाधनों का चतुराई से और सर्वश्रेष्ठ उपयोग करना चाहिए। कठिन हालात परीक्षा लेते हैं। 

प्रस्तुति: राजीव रंजन 

Source link

कोई जवाब दें

Please enter your comment!
Please enter your name here