रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद अब दोपहिया और तीन पहिया वाहन निर्माता टीवीएस मोटर्स ने भी अपने सभी कर्मचारियों और उनके नजदीकी परिजनों को नि:शुल्क कोरोना टीका लगवाने की शनिवार को घोषणा की। कंपनी ने कहा कि यह टीकाकरण अभियान सरकारी दिशानिर्देशों के अनुरूप है। इससे देश भर में कंपनी के 35,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर्मचारियों को टीके मिलेंगे।
यह भी पढ़ें: कोविड-19 की वैक्सीन पेटेंट मुक्त करने की भारत-दक्षिण अफ्रीका के प्रस्ताव को स्वीकार न करे WTO
टीवीएस मोटर्स कंपनी के कार्यकारी उपाध्यक्ष (मानव संसाधन) आर आनंदकृष्णन ने कहा कि कंपनी ने महामारी के दौरान अपने कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को विभिन्न माध्यमों से मदद करने का प्रयास किया है। इस टीकाकरण अभियान के साथ हम अपने कर्मचारियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को प्राथमिकता देने का प्रयास जारी रख रहे हैं।
रिलायंस पूरा खर्च वहन करेगी
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन और संस्थापक नीता अंबानी ने रिलायंस के कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में कहा है कि सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों के टीकाकरण का पूरा खर्च रिलायंस वहन करेगी। नीता अंबानी ने कर्मचारियों से टीकाकरण प्रोग्राम में जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करवाने का आग्रह किया। इससे पहले आईटी कंपनी टीसीएस, इन्फोसिस और एक्सेंचर ने भी ऐलान किया था कि वह अपने कर्मचारियों और उनके परिवार वालों के टीकाकरण का खर्च उठाएगी। माना जा रहा है कि रिलायंस, टीसीएस और इंफोसिस जैसी कंपनियों द्वारा टीकाकरण का खर्च उठाने से आने वाली दिनों में दूसरी कंपनियां भी इसका अनुसरण करेगी और अपने कर्मचारियों के टीकाकरण का खर्च उठाएगी।
कॉग्निजेंट इस साल ज्यादा बोनस देगी
प्रमुख आईटी सेवा कंपनी कॉग्निजेंट ने कहा कि कंपनी साल 2019 की तुलना में इस साल ज्याद बोनस दे रही है। इसके साथ ही कंपनी ने 24,000 से अधिक कर्मचारियों को पदोन्नति देने का फैसला किया है। कंपनी का कहना है कि बोनस और प्रमोशन के इस कदम से कर्मचारियों को रोकने में मदद मिलेगी। साल 2021 के जून तिमाही से कंपनी के वरिष्ठ सहयोगी और कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सकेगा। कंपनी दुनियाभर में मौजूद अपने 1,60,000 कर्मचारियों को बोनस दे रही है जबकि एंट्री लेवल के करीब 24,000 स्टाफ को प्रमोशन दिया जा रहा है।
फिडेलिटी पांच 5 दिन की ‘फैमिली केयर’ छुट्टी देगी
एसेट मैनेजमेंट कंपनी फिडेलिटी ने भारत में अपने कर्मचारियों के लिए ‘फैमिली केयर’ छुट्टी की घोषणा की है। फैमिली केयर छुट्टी के तहत भारत में काम कर रहे कंपनी के कर्मचारी साल में पांच दिन की छुट्टी अपने परिजनों की देखभाल और केयर करने के लिए ले सकते हैं। भारत में फिडेलिटी के करीब 3000 कर्मचारी है और वह सभी इस योजना से लाभान्वित होंगे। फिडेलिटी की इस योजना से उसके कर्मचारियों को अपने काम और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने में मदद मिलेगी। यह पॉलिसी इसी महीने से लागू हो रही है। इससे पहले कंपनी ने पिता बनने वाले लोगों को भी 26 हफ्ते की छुट्टी देने की घोषणा की थी। मां बनने की स्थिति में महिलाओं को भी 26 हफ्ते की ही छुट्टी दी जाती है।
Source link